बीबीसी दफ्तर पर इनकम टैक्स विभाग का सर्वे,कई कागजात जब्त
नई दिल्ली– भारत में मौजूद बीबीसी के दफ्तरों में इनकम टैक्स का सर्वे जारी है। इनकम टैक्स की टीम के बीबीसी दफ्तरों के पहुंचने के बाद से लगातार सियासी दलों की तरफ से बयानबाजी जारी है। अब इस मसले पर बीबीसी की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
बीबीसी ने ट्वीट कर कहा कि इनकम टैक्स अधिकारी इस समय नई दिल्ली और मुंबई में बीबीसी कार्यालयों में मौजूद हैं। हम पूरा सहयोग कर रहे हैं। हम उम्मीद करते हैं कि यह स्थिति जल्द से जल्द सुलझ जाएगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बीबीसी दफ्तर में इनकम टैक्स के अधिकारी फाइनेंस डिपार्टमेंट में कुछ डॉक्यूमेंट्स को वेरिफाई कर रहे हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली और मुंबई में इनकम टैक्स की टीम ने सर्वे किया। यहां उनका सर्वे संस्थान के व्यावसायिक परिसर तक सीमित था।
बीबीसी कार्यालय में जांच के दौरान इनकम टैक्स डिपार्टमेंट द्वारा वहां मौजूद कर्मचारियों के फोन ले लिए गए हैं। संस्थान के अकाउंट्स और फाइनेंस डिपार्टमेंट में कंप्यूटर डेटा को भी चेक किया जा रहा है। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इनकम टैक्स टीम ने कहा है कि वो बैकअप लेने के बाद डिवाइस वापस कर देंगे । गौरतलब है कि बीबीसी की दफ्तरों पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का यह सर्वे प्रधानमंत्री मोदी पर उनके द्वारा विवादित डॉक्यूमेंट्री रिलीज के बाद किया गया है। कुछ ही हफ्तों पर बीबीसी ने ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ नाम की डॉक्यूमेंट्री रिलीज की है। केंद्र सराकर ने इस डॉक्यूमेंट्री को भारत में बैन कर दिया है। अब डॉक्यूमेंट्री बैन को लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है।